- बासी खाना परोसने पर भड़के थे ब्राह्मण
- गुस्साए पंडितों ने किया कुरुक्षेत्र-कैथल रोड जाम
कुरुक्षेत्र। केशव पार्क में चल रहे 1000 कुंडीय महायज्ञ में शनिवार को खाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि ब्राह्मणों को बासी खाना परोसने को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई। विवाद के दौरान एक सुरक्षाकर्मी ने गोली चला दी, जो आशीष तिवारी नामक ब्राह्मण को लगी।
उन्हें गंभीर हालत में लोकनायक जयप्रकाश नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जिसके बाद ब्राह्मणों ने जमकर हंगामा किया। ऐसा कहा जा रहा है कि इसमें 23 लोग घायल हो गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ब्राह्मणों ने पत्थरों से रोड पर लगे बैनर-होर्डिंग फाड़े
नाराज ब्राह्मण महायज्ञ स्थल से बाहर निकले और तोड़फोड़ व पथराव शुरू कर दिया। गुस्साए ब्राह्मणों ने महायज्ञ की यज्ञशाला का मुख्य द्वार तोड़ दिया। डंडे-पत्थरों से रोड पर लगे बैनर-होर्डिंग भी फाड़ दिए। फिर उन्होंने थीम पार्क के बाहर कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर जाम लगा दिया। वहां से गुजरने वाली गाड़ियों को जबरन रोकना शुरू कर दिया।
बाउंसरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज करके ब्राह्मणों को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन बड़ी संख्या में ब्राह्मण सड़कों पर जमे रहे। ब्राह्मण का कहना है कि बाउंसरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। फिलहाल मामला तनावपूर्ण किंतु नियंत्रण में है। आयोजकों और पुलिस प्रशासन ने मामले को शांत किया है। पुलिस प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
ब्राह्मणों का आरोप दिया जा रहा था बासी खाना
इस मामले में प्रदर्शन कर रहे ब्राह्मणों ने कहा कि उन्हें लगातार बासी खाना दिया जा रहा था। जिसके विरोध पर उनकी पहले भी आयोजकों के बाउंसर यानी गार्डों से बहस हुई थी। ब्राह्मणों ने यह भी आरोप लगाया कि पहले दिन से ही बाबा के सुरक्षा गार्ड (बाउंसर) उन्हें किसी न किसी बात को लेकर परेशान कर रहे थे। कभी भी किसी के साथ मारपीट कर देते थे। कोई घूमता दिखाई देता तो उसे भी थप्पड़ या डंडा मार देते थे।
यज्ञ नष्ट करने की साजिश : स्वामी हरिओम
यज्ञ आयोजक स्वामी हरिओम दास ने कहा- हमारे ऊपर आरोप-प्रत्यारोप जो लगाते है, ठीक है, लेकिन यज्ञ को संपूर्ण करें, मेरी ये प्रबल इच्छा है। किसी भी प्रकार से कोई त्रुटि हुई होगी, उसकी जांच कर उचित दंड दिया जाए। इतने लोग है, अब हम हर आदमी को नहीं जानते। कौन बहरूपिया किस रूप में आकर फायरिंग करता है, मैं कैसे कहूं। कुछ षडयंत्रकारी यज्ञ को किसी भी तरह नष्ट करना चाहते है।
आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी
कुरुक्षेत्र पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल ने कहा- कुरुक्षेत्र केशव पार्क में 1008 कुंडीय जनकल्याण महायज्ञ के दौरान सुबह करीब 9:30 बजे सैनी धर्मशाला में नाश्ता करने गए कुछ ब्राह्मण और सुरक्षाकर्मियों के बीच मामूली कहासुनी हुई थी। इसी दौरान एक सुरक्षाकर्मी से चली गोली एक ब्राह्मण को लग गई। एक युवक पत्थर लगने की वजह से घायल हुआ था। दोनों घायल खतरे से बाहर हैं और उपचाराधीन हैं। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जाम भी शांतिपूर्ण तरीके से खुलवा दिया गया है। किसी प्रकार का बलप्रयोग नहीं किया गया।
महायज्ञ में शामिल हो चुके हैं बड़े नेता
18 मार्च से शुरू हुआ यह महायज्ञ 27 मार्च तक चलना था, जिसके लिए 1008 कुंडीय यज्ञशाला बनाई गई थी। महायज्ञ में हर दिन 1,00,000 आहुतियां डाली जा रही थीं। अब इस विवाद के बाद आयोजन को लेकर संशय बना हुआ है। अब तक इस महायज्ञ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, मुख्यमंत्री की पत्नी सुमन सैनी और पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा जैसे कई बड़े नेता शामिल हो चुके हैं।
आयोजकों द्वारा तीन बार हुआ यज्ञ
ऐसा कहा जा रहा है कि आयोजकों की ओर से इस यज्ञ का आयोजन तीसरी बार किया गया है। वर्ष 2021 में जब यह यज्ञ कराया गया था तो पंडाल में आग लग गई थी। इसके कारण यज्ञ पूरा नहीं हो पाया था। दूसरी बार जब हुआ तो बरसात के कारण यज्ञस्थल पर पानी भर गया। इसके कारण भी यज्ञ में विघ्न पड़ गया। अब तीसरी बार यज्ञ हुआ तो फायरिंग हो गई।
0 Comments